करनाल के चर्चित बॉबी हत्याकांड में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। चंडीगढ़ पीजीआई से आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृतक के परिजनों और समाज के लोगों में जिला प्रशासन और स्थानीय डॉक्टरों के खिलाफ भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि करनाल के डॉक्टरों ने मामले को रफा-दफा करने या लापरवाही बरतने के उद्देश्य से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई अहम जानकारियां छिपाईं, जिनका खुलासा अब की रिपोर्ट में हुआ है। परिजनों ने मीडिया के सामने दोनों रिपोर्टों की तुलना करते हुए जिला प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। समाज के प्रतिनिधियों और परिजनों का कहना है कि चंडीगढ़ पीजीआई से जो विस्तृत रिपोर्ट आई है, उसमें मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर फ्रैक्चर दिखाए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि करनाल के स्थानीय डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट में इन फ्रैक्चरों का कोई जिक्र ही नहीं था। परिजनों ने भावुक होते हुए कहा कि अगर हम चंडीगढ़ पीजीआई से दोबारा पोस्टमार्टम नहीं करवाते, तो हमें कभी पता ही नहीं चलता कि हमारे बेटे के साथ कितनी बेरहमी की गई थी। करनाल की रिपोर्ट देखकर कोई भी हैरान रह जाएगा।