सोनीपत रोड स्थित कोर्ट परिसर के बाहर शनिवार को दिनदहाड़े गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया की अज्ञात हमलावरों ने चार-पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी। कोर्ट से पैदल बस स्टैंड की ओर जा रहे नीरज को हमलावरों ने पहले सफेद रंग की ब्रेजा कार से टक्कर मारी। नीरज के सड़क पर गिरते ही गोलियां मारकर भाग गए। मूलरूप से झज्जर के दूबलधन गांव का रहने वाला नीरज वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-37 सी में रहता था। उसकी शादी गांव किडौली की रहने वाली नीतू से हुई थी। नीतू ने उसके खिलाफ फरवरी, 2019 में थाना खरखौदा में दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और अमानत में खयानत की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में शनिवार को नीरज अपने साथियों के साथ अदालत में पेशी पर खरखौदा कोर्ट आया हुआ था। पुलिस के अनुसार, पेशी के बाद नीरज अदालत परिसर से बाहर निकलकर बस स्टैंड की ओर जा रहा था। पहले से घात लगाए हमलावर कार से वहां पहुंचे और नीरज को सीधी टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद तीन से चार हमलावरों ने उसे चार से पांच गोलियां मारीं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी भाग गए। मौके से मिले खोल से पता लगा है कि नीरज को पिस्तौल से गोलियां मारी गई हैं।