शहर थाना पुलिस भिवानी ने जिला नागरिक अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की बाइक भी बरामद की है। गांव पुर निवासी पवन ने शहर थाना पुलिस भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 11 मई 2026 को वह अपनी बाइक पर जिला नागरिक अस्पताल भिवानी में अपने रिश्तेदार से मिलने आए थे। उन्होंने अपनी बाइक इमरजेंसी वार्ड के सामने पेड़ के नीचे खड़ी की थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति बाइक चोरी कर ले गए। शिकायत पर शहर थाना पुलिस भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 14 मई को पुलिस चौकी दिनोद गेट के मुख्य सिपाही राजेश कुमार ने दो आरोपियों मनजीत निवासी वाउर् नंबर 13 तोशाम फाटक बवानीखेउ़ा व राकेश निवासी गांव बलियाली को हालुवास फाटक भिवानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी टाइल लगाने का काम करते हैं तथा काम पर आने-जाने के लिए बाइक की आवश्यकता होने के कारण उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। संवाद