लोहारू क्षेत्र के गांव बिसलवास में बस स्टैंड के नजदीक एक सड़क हादसा सामने आया, जहां अज्ञात कारणों के चलते ट्रैक्टर और एक्सयूवी गाड़ी की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक संदीप निवासी अहमदवास, लोहारू से अपने गांव की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह बस स्टैंड के पास ट्रैक्टर को मोड़ रहा था, तभी पीछे से आ रही एक्सयूवी गाड़ी, जो राजस्थान के जिला बीकानेर से लोहारू होते हुए दादरी की ओर जा रही थी, जिसकी अज्ञात कारणों से टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर सहायता पहुंचाई गई। टोल टैक्स पर तैनात एम्बुलेंस की मदद से एक्सयूवी गाड़ी में सवार घायल सिद्ध गौरव गोदारा को लोहारू के उप नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं ट्रैक्टर चालक संदीप को उसके परिजनों द्वारा निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर जांच अधिकारी कृष्णा मौके पर पंहुची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।