लोहारू क्षेत्र में पिलानी रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप रविवार देर रात करीब 11:15 बजे सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलट गई और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए घायलों को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद पिकअप सवार लक्की (उम्र करीब 18 वर्ष), मनोज (उम्र करीब 26 वर्ष) तथा कार सवार हरिकिशन (उम्र करीब 42 वर्ष) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार राजस्थान के गांव सुलखनिया से भाखड़ा अपने गांव की ओर जा रही थी, जबकि पिकअप लोहारू से राजस्थान के गांव छापड़ा स्थित उत्तम हैचरी फार्म की ओर जा रही थी।घटना की सूचना मिलते ही लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुरारी लाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल लोहारू पुलिस मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।