भिवानी। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को हड़ताल के 13वें दिन लोहारू नगरपालिका प्रधान प्रदीप बंटी तायल को मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार से पूर्व में सहमति बनी मांगों को जल्द लागू करने तथा नगरपालिका कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व उपप्रधान अनिल ने की। संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश की पालिकाओं, परिषदों और नगर निगमों के कर्मचारियों ने अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर पहले भी आंदोलन किया था। 13 मई 2026 को संघ और सरकार के बीच हरियाणा निवास, सेक्टर-3, चंडीगढ़ में वार्ता हुई थी। वार्ता में संघ द्वारा दिए गए 22 सूत्रीय मांग-पत्र में शामिल 17 मांगों पर सहमति बनी थी। संघ के अनुसार सहमति के बाद सरकार की ओर से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था तथा मानी गई मांगों के पत्र 30 जून 2026 तक जारी किए जाने की बात कही गई थी। संघ ने कहा कि अभी तक सभी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण कर्मचारियों में नाराजगी एवं असंतोष बढ़ रहा है।