भिवानी के गांव फरटिया ताल स्थित एक निजी स्कूल के समीप वीरवार और शुक्रवार मध्य रात्रि करीब एक बजे भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक संतोष सिंघला (उम्र 46 वर्ष) निवासी गांव सोंहासड़ा का रहने वाला था। जो लोहारू अनाज मंडी में पलेदारी (मजदूरी) का कार्य करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष रोजाना की तरह काम खत्म कर साइकिल पर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि साइकिल सवार को कुचलने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पास के पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से तुरंत एम्बुलेंस द्वारा घायल संतोष को लोहारू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पिकअप में सवार मोनू, अरुण और मंदीप को भी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भिवानी रेफर कर दिया गया।