भिवानी में सिंचाई मंत्री की कॉलोनी में लोगों ने शनिवार को गंदा पानी की आपूर्ति को लेकर रोष जताया। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि शहर का पॉश इलाका और मंत्री आवास के समीप होने के बावजूद भी कॉलोनी के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है वहीं शिकायतों पर भी अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। क्षेत्र निवासी बलजीत सिंह, मान सिंह, संजय परमार, सुनील रोहिल्ला ने बताया कि पिछले करीब तीन माह से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति अनियमित हो रही है। घरों के अंदर आने वाला पानी सीवर युक्त गंदा पहुंच रहा है। जिसे पीना तो दूर किसी कार्य में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। कॉलोनी के लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। कॉलोनी के लोग मंत्री से भी मिलकर इसकी शिकायत करेंगे।