पानी को लेकर लगातार लोगों का आक्रोश फूट रहा है। बुधवार को बैंक कॉलोनी की महिलाओं ने नया बस स्टैंड के समीप दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर पानी की किल्लत को लेकर जाम लगा दिया। गुस्साई महिलाओं ने जाम स्थल पर मटका फोड़ प्रदर्शन भी किया। मौके पर पहुंचे विभाग के जेई ने शनिवार तक समाधान का भरोसा दिया तो करीब एक घंटे बाद जाम खुला। बता दें कि गर्मी के मौसम में पूरा शहर पानी को लेकर गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। शहर की कुछ कॉलोनियों में तो पीने के पानी को लेकर भी स्थिति बेहद खराब है। ऐसे में लोग सड़क पर जाम लगाने और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ रोष जता रहे हैं। करीब पांच दिनों से जिले की नहरों में पानी चल रहा है। बावजूद इसके शहरी दायरे में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। दिल्ली पिलानी नेशनल हाईवे पर नया बस स्टैंड के समीप बुधवार को बैंक कॉलोनी की महिलाओं ने जाम लगा दिया। इस दौरान महिलाओं ने सड़क पर खाली मटके फोड़कर भी अपना आक्रोश जताया। हाईवे पर जाम की वजह से वाहनों की भी लंबी कतारें लग गई वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता व औद्योगिक पुलिस थाना की टीम भी मौके पर पहुंची। वहीं जाम लगा रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने पानी की समस्या का समाधान होने पर ही जाम खोलने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने शनिवार तक पानी की समस्या का समाधान का आश्वासन देकर करीब घंटे भर बाद हाईवे से जाम खुलवाया।