चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में सोमवार को एनएसयूआई ने परीक्षा परिणामों को लेकर रोष प्रदर्शन किया। प्रेम नगर स्थित विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना देकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन न केवल परीक्षा परिणामों में धांधली कर रहा है, बल्कि शोध स्तर पर भी भारी भ्रष्टाचार कर रहा है। धरने का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंजीत लांग्यान ने कहा कि री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) के दौरान छात्रों के अंकों में 18 से सीधे 38 तक का उछाल आना किसी तकनीकी त्रुटि का नहीं, बल्कि एक सुनियोजित घोटाले का संकेत है। लांग्यान ने कहा कि यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। हम मांग करते हैं कि पूरे आईटी सिस्टम का डिजिटल ऑडिट करवाया जाए और इस परीक्षा घोटाले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।