महेंद्रगढ़ भिवानी लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा साइक्लोथॉन को महज एक साइकिल यात्रा ना समझें। इस यात्रा का बहुत बड़ा उद्देश्य है और यह उद्देश्य सार्थक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए युवाओं के साथ-साथ हर नागरिक को जागरूक करना होगा। सांसद धर्मबीर सिंह रविवार को राधा स्वामी सत्संग भवन से ड्रग्स फ्री हरियाणा साइकिल यात्रा को दादरी के लिए रवाना करने से पहले अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि एक वह समय था जब पंजाब प्रदेश देश का सबसे विकसित प्रदेश था, लेकिन कुछ बाहरी ताकतों ने हमारे देश को पीछे धकेलने के लिए युवाओं को नशे की लत में लगाया, परिणाम स्वरूप आज पंजाब प्रदेश नशा से जूझ रहा है। हजारों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि यही ड्रग्स का नशा धीरे-धीरे हमारे हरियाणा प्रदेश में भी आ रहा है, जो बहुत बड़ी चिंता का विषय है। हमें इस नशे को यहीं पर रोकना होगा। यह तभी संभव है जब हर नागरिक जागरुक हो और अपने आस-पास नजर रखें कि कहीं कोई भी किसी प्रकार से ड्रग्स आदि नशे की बिक्री ना कर रहा हो।