हरियाणा सरकार सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य ,शिक्षा एवं पुलिस विभाग द्वारा युवाओं में बढ़ रही नशे की पृवत्ति की रोकथाम के लिए प्रयासरत है, नशा मुक्ति विषय पर काम करने वाली संस्थाऐ और एनजीओ भी नशे के खिलाफ मैदान में है। नशा मुक्ति विद्यालय कॉर्डिनेटर राजीव वत्स ने ये बात राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारू में विद्यालय प्रशासन और नशामुक्ति परिषद लोहारू के संयुक्त तत्वाधान से आयोजित नशामुक्ति व्याख्यान कार्यक्रम में कही। नशामुक्ति परिषद के संस्थापक राकेश आर्य ने बच्चों को बताया कि माता-पिता, गुरुजन और सामाजिक परिवेश की लापरवाही के कारण मासूम किशोर नशे की तरफ आकर्षित होकर उसमें फंस जाते हैं और फिर निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, पारिवारिक, आर्थिक और आध्यात्मिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को व्यायाम करने और दुर्व्यसनों से बचने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या पूनम श्योराण ने बताया कि हमारे विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारित बनाने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ताकि बच्चों का शैक्षिक के साथ चारित्रिक निर्माण भी हो सके।