हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के परिणाम और उत्तर कुंजी (आंसर की) में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने मंगलवार को भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। दूर-दराज के जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बोर्ड प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी समस्याओं का लिखित में ठोस समाधान नहीं होता और संशोधित परिणाम जारी नहीं किया जाता, वे बोर्ड परिसर के बाहर रात-दिन धरने पर डटे रहेंगे। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी में बोर्ड स्तर पर बड़ी खामियां रही हैं। अभ्यर्थियों ने बताया कि आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद रिवाइज्ड रिजल्ट में कोई सुधार नहीं किया गया, जिससे कई परीक्षार्थी महज एक-एक अंक से क्वालिफाई करने से वंचित रह गए। बोर्ड अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी उन्हें केवल मौखिक आश्वासन मिले, जिससे नाराज होकर अभ्यर्थियों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा। उनका कहना है कि पेपर में पहले से ही काफी गलतियां थीं और बोर्ड की आंसर की में उससे भी ज्यादा कमियां पाई गईं। हम महज एक-एक नंबर से रह गए हैं।