हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अब मेघालय शिक्षा बोर्ड की तर्ज पर कक्षा नौवीं से बारहवीं तक स्मार्ट पुस्तकें लागू करने की तैयारी कर चुका है। इसी शिक्षा सत्र से प्रत्येक कक्षा में स्मार्ट पुस्तकें बच्चों को पढ़ाई जाएंगी। स्मार्ट पुस्तक के अंदर प्रत्येक प्रश्न पर क्यूआर कोड अंकित किया गया है। अगर बच्चे को किसी तरह का कोई संशय या फिर जिज्ञासा है तो उसे गुरुजी से परामर्श लेने की जरूरत नहीं बल्कि क्यूआर कोड को स्कैन करते ही उसे एक लिंक प्राप्त होगा। जिसके जरिए उस प्रश्न से जुड़ी विस्तृत जानकारी उस बच्चे के सामने होगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर पवन कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि स्मार्ट पुस्तकों के साथ बोर्ड वर्चुअल लैब की सुविधा भी मुहैया करवाएगा। जिसके लिंक के जरिए विद्यार्थी आसानी से तकनीकी गतिविधियों के अलावा इंटरनेट और एआई तकनीक से जुड़ी जानकारी भी हासिल कर पाएंगे। स्मार्ट पुस्तकों के प्रकाशन का काम भी अंतिम चरण में चल रहा है।