भिवानी। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल पर सर्दियों के मौसम में रेल संचालन को लेकर स्पेशल इंतजाम किए जा रहे हैं। सर्दियों के मौसम में तापमान कम रहने के कारण रेल लाइन सिकुड़ जाती है। जिससे निजात पाने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसके तहत सुरक्षित रेल संचालन के लिए पैसेंजर ट्रेनों एवं गुड्स ट्रेनों में लोको पायलटों को फोग डिवाइस दी जाएगी। फोग डिवाइस कोहरे के समय लोको पायलट को सिगन्ल के संबंध में महत्वपूर्ण व सही सूचना देने में सहायता करेगी। दरअसल, सर्दी के साथ ही धुंध का कहर बढ़ने लगा है। जिसके कारण लोको पायलट को गाड़ी चलाते समय परेशानी का सामना करना पड़ता है। फोग डिवाइस लोको पायलट के लिए सुरक्षित रेल संचालन के लिए फायदेमंद रहेगी। फोग डिवाइस यह सूचना देगी कि आगे किस प्रकार का सिग्नल आने वाला है। यह डिवाइस लगभग दो हजार मीटर से पहले ही लोको पायलट को आने वाले सिग्नल के बारे में सूचित करना शुरू कर देती है। जिससे लोको पायलट अपनी गाड़ी की रफ्तार को नियंत्रित करते हुए आगामी सिग्नल को सुरक्षित पार करने के लिए तैयार रहता है। फोग डिवाइस रेल संचालन में एक श्रेष्ठ डिवाइस साबित होगी। बीकानेर मंडल का रेवाड़ी से बठिंडा रेलखंड फोग से प्रभावित रहता है। इसके साथ ही रेल पथ पर चेतावनी व निर्देश देने वाले बोर्ड की दक्षता बढ़ाने हेतु रेडियम की स्ट्रिप व चूना पट्टी की व्यवस्था की जाएगी। जिससे लोको पायलट आसानी से धुंध की स्थिति से निजात पा सकें। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि बीकानेर मंडल सर्दियों में कोहरे से व सर्दी के मौसम से उत्पन्न समस्याओं से निपटने के लिए पहले से ही तैयार है।