लोहारू में पांचवीं मास्टर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। देशभर के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की मौजूदगी ने आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की पहचान दी है। प्रतियोगिता में करीब 15 राज्यों के लगभग 300 पुरुष और महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हरियाणा मास्टर वेट लिफ्टिंग के अध्यक्ष एडवोकेट महेश श्योराण ने सभी को बुक्के भेंट कर स्वागत किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन नगरपालिका के चेयरमैन बंटी तायल ने रीबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती हैं बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा देती हैं। चेयरमैन बंटी तायल ने कहा कि लोहारू जैसे छोटे शहर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इससे स्थानीय युवाओं को भी खेलों की ओर प्रेरणा मिलेगी और वे भी आगे बढ़कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।