कस्बा ढिगावा मंडी के इफको ई बाजार किसान केंद्र पर डीएपी खाद की खेप पहुंचने के साथ ही किसानों का हुजूम भी उमड़ पड़ा। शुक्रवार को किसान केंद्र पर किसानों की भीड़ जुटी वहीं केंद्र कर्मचारियों ने किसानों को खाद वितरित की। किसान केंद्र पर खाद पहुंचने की भनक लगते ही किसान सुबह 6 बजे से ही लाइनों में आकर खड़े हो गए थे। महिला किसान भी घर के चूल्हा चौका का काम छोड़कर डीएपी खाद के लिए लाइनों में लगी नजर आई। इस समय बारिश के बाद खरीफ फसलों में किसानों को खाद की डिमांड बनी है। ऐसे में खाद की खेप पहुंचते ही किसान खाद पाने की जद्दोजहद में जुट गए हैं वहीं किसान केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि खाद की कोई कमी नहीं है।