गांव ढिगावा के निकट आर्य इंस्टिट्यूट के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोविंदपुरा से ढिगावा की ओर जा रही एक बाइक को भिवानी की तरफ से रॉन्ग साइड में आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत लोहारू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद धर्मेंद्र (उम्र करीब 40 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल विनोद की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।