बवानीखेड़ा से तोशाम मार्ग पर वीरवार को एक ट्रक और एक कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। दोनों की भिड़ंत के कारण कार सड़क से नीचे खेतों में जाकर पलट गई। वहीं ट्रक भी सड़क पर पलट गया। जिसके कारण बवानीखेड़ा-तोशाम मार्ग जाम हो गया। तोशाम-बवानीखेड़ा मार्ग जाम होने की वजह से वाहनों की भी लंबी कतारें लग गई। वहीं घटना की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क पर पलटे ट्रक को हटवाने का काम शुरू किया और वाहनों का जाम सुलझवाया। जानकारी के मुताबिक ट्रक में चुना भरा हुआ था और चालक इसे राजस्थान से लेकर उत्तराखंड जा रहा था। राजस्थान से उत्तराखंड जाते समय तोशाम से बवानीखड़ा मार्ग पर ये हादसा हो गया। वहीं गाड़ी बवानीखेड़ा की तरफ से तोशाम की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों की टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में कार और ट्रक चालक को भी चोटें आई। जिन्हें उपचार के लिए कस्बा के अस्पताल ले जाया गया। बवानीखेड़ा पुलिस थाना के एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि बवानीखेड़ा-तोशाम मार्ग पर कार-ट्रक का टक्कर हुई है। पुलिस ने हादसाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवा यातायात बहाल करा दिया है। हालांकि इस सड़क हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं हैं, क्योंकि अस्पताल से कोई रुक्का प्राप्त नहीं हुआ है। संवाद