पिछले करीब आठ घंटों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने शहर को पानी-पानी कर डाला। शहर के मुख्य रास्तों पर बारिश का पानी जमा हो गया वहीं कई कॉलोनियों के अंदर तो जलभराव के हालात बने, जिसकी निकासी भी करीब पांच घंटों बाद तक नहीं हो पाई है। पुलिस अधीक्षक आवास, पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल आवास, जिला नागरिक अस्पताल का सिविल सर्जन कार्यालय गेट के आगे भी बरसाती पानी की वजह से जलभराव हुआ। बारिश के जारी रहने से लोगों को बाढ़ जैसे हालातों की आशंका बनी है वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के दावों की भी हवा निकल गई है। देवसर चुंगी स्थित पुराना डिस्पोजल पर पंपिंग मशीन भी प्लास्टिक कचरा की वजह से जाम हो गई है। जिसकी वजह से पानी निकासी का काम भी प्रभावित हो रहा है।