जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने घरों में सीवर युक्त गंदा पानी की सप्लाई की शिकायतों के निवारण को लेकर वीरवार को हांसी गेट से अशोक मार्ग पर सड़क तोड़कर मुख्य लाइन में लीकेज चेक करने का काम शुरू किया। इस वजह से हांसी गेट से बीटीएम चौक की तरफ जाने वाला रास्ता भी बंद हो गया। पिछले डेढ़ माह से विजय नगर कॉलोनी में गंदे पानी की समस्या की शिकायतें जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी अधिकारियों को मिली रही थी। जिसके निवारण के लिए अब कदम उठाया है। शहर के पुराना जलघर से पुराना हाउंसिंग बोर्ड, पटेल नगर होते हुए पॉश इलाका विजय नगर कॉलोनी में दस इंची मुख्य पानी की लाइन पहुंच रही है। पिछले डेढ़ माह से विजय नगर के करीब 50 से अधिक घरों के अंदर गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायतें मिल रही थी। इन शिकायतों के निवारण को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने हांसी गेट से बीटीएम चौक की तरफ जाने वाले अशोका मार्ग पर सड़क की खोदाई कराई। जिस वजह से वीरवार को दिनभर रास्ता भी वाहनों के आवागमन के लिए बंद रखा गया। पुलिस के बेरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर कर्मचारी लाइन लीकेज की जांच में जुटे रहे।