पिलानी रोड स्थित गोपाल गोशाला में वार्षिक उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल मुख्य अतिथि तथा महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। गाेशाला पहुंचने पर गोशाला समिति के सदस्यों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने अतिथियों का फूल मालाओं व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। वार्षिक उत्सव के अवसर पर लोहारू शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि विधायक कंवर सिंह यादव ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना की तथा पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल द्वारा लोहारू विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान लोहारू गौशाला समिति को 26 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने अपने निजी कोष से एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही लोहारू विधानसभा क्षेत्र की समस्त गोशालाओं के लिए सरकार की ओर से कुल एक करोड़ 38 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की गई, जिसे पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल एवं विधायक कंवर सिंह यादव के हाथों वितरित किया जाएगा। यह राशि लगभग एक सप्ताह के भीतर संबंधित गोशालाओं तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।