ऑपरेशन ट्रैक डाउन अभियान के तहत शहर थाना पुलिस भिवानी ने दवा विक्रेता से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन के रिमांड पर हासिल कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार द्वारा जिला पुलिस को जिले में ऑपरेशन ट्रेक डाउन अभियान के तहत दर्ज अभियोग में फरार चल रहे अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए चौकी दिनोद गेट के इंचार्ज उप निरीक्षक दशरथ सिंह ने दवा विक्रेता से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में साहिल निवासी वीरवान पाना जैन चौक भिवानी को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। भिवानी निवासी एक दवा विक्रेता ने थाना शहर पुलिस भिवानी को शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि 13 नवंबर को उनके मोबाइल नंबर पर विदेशी नंबर पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले आरोपी ने खुद को संगठित आपराधिक गिरोह का सदस्य बताकर उससे एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। इस संबंध में शहर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।