शहर के रोहतक रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को कांग्रेस की जिला शहरी कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में आगामी संगठन विस्तार और वर्तमान ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने की। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए प्रदीप जोगी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए। भाजपा सरकार की नीतियां आमजन के खिलाफ हैं और अब समय आ गया है कि कांग्रेस की जनहित की सोच को घर-घर तक पहुंचाया जाए। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की आवाज बनेगा। भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। बैठक का मुख्य केंद्र रसोई गैस के आसमान छूते दाम और बाजार में हो रही किल्लत रहा। कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया कि आम जनता महंगाई के बोझ तले दबी जा रही है। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रदीप जोगी ने घोषणा की जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी और ग्रामीण) जल्द ही गैस सिलेंडर के दामों और किल्लत के खिलाफ एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी।