सरकपुर स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम की दुर्दशा और प्रशासनिक अनदेखी का मामला अब जिला प्रशासन के पास पहुंच गया है। पहले सीएम विंडो पर शिकायत कर चुके शिवम खेत्रपाल ने अब उपायुक्त (डीसी) अजय सिंह तोमर को ईमेल के जरिए शिकायत भेजकर जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि खेल विभाग ने धरातल पर काम किए बिना ही सीएम विंडो पर भ्रामक और तथ्यहीन रिपोर्ट पेश कर शिकायत को बंद करवा दिया है। शिकायत में बताया गया कि सरकपुर स्टेडियम बराड़ा और आसपास के दर्जनों गांवों के युवाओं के लिए एकमात्र खेल परिसर है। वर्तमान में इसकी स्थिति इतनी दयनीय है कि पूरे मैदान में जंगली झाड़ियां उगी हुई हैं और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। बुनियादी ढांचा पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे यहां अभ्यास करने आने वाले खिलाड़ियों को हर समय चोट लगने का डर सताता रहता है। शिकायतकर्ता शिवम खेत्रपाल ने डीसी से मांग की है कि स्टेडियम की वास्तविक स्थिति की मौके पर जांच कराई जाए। झूठी रिपोर्ट पेश करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई हो। स्टेडियम की तुरंत मरम्मत और सफाई कराई जाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह इस गंभीर विषय को लेकर सोमवार को व्यक्तिगत रूप से एसडीएम बराड़ा और उपायुक्त से मिलकर साक्ष्य सौंपेंगे।