सावन की शिवरात्रि पर शिवालयों में कांवड़ियों और भक्तों ने भोले बाबा के शिवलिंग पर जलाभिषेक दिया। इसके साथ ही भक्तों ने दूध के साथ भी बाबा का अभिषेक किया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी लंबी कतारें लगी रही। मंगलवार रात से हाथीखाना प्राचीन शिव मंदिर में कांवड़ियों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान बम बम भोले के जयकारों से अंबाला की नगरी गुंजायमान हो उठी। छावनी के हाथीखाना कैलाश शिव मंदिर, रानी का तालाब प्राचीन शिव मंदिर, हिल रोड सनातन धर्म मंदिर, लाल कुर्ती बाजार सनानत धर्म शिव मंदिर, स्टाफ रोड सनातन धर्म मंदिर, बीसी बाजार शिव मंदिर, बीसी बाजार गौरी शंकर मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों के सुबह चार बजे से पहले ही कपाट खुल गए। कपाट खुलते ही कांवड़ियों और भक्तों की भींड़ जुटने लगी। इसके बाद मंदिरों में सुबह की आरती हुई। आरती के बाद कांवड़ियों और भक्तो ने जलाभिषेक करना शुरू किया। दोपहर तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।