हरियाणा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में मुलाना की होनहार छात्रा राधिका ने 98.4% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। राधिका ने 500 में से 492 अंक हासिल कर न केवल अपने स्कूल आर्य सीनियर सेकेंडरी बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। राधिका ने अपनी सफलता का मंत्र सेल्फ स्टडी और सोशल मीडिया से दूरी को बताया। उनके घर में जश्न का माहौल है, क्योंकि उनके बड़े भाई अंकित भी पिछले वर्ष 12वीं के जिला टॉपर रहे थे। माता रेखा रानी शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। वहीं व्यवसायी पिता सुरेंद्र कुमार ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि अनुशासन और सही मार्गदर्शन ने राधिका को इस मुकाम तक पहुंचाया है। राधिका भविष्य में भी इसी तरह मेहनत कर देश की सेवा करना चाहती हैं।