संवाद न्यूज एजेंसी, धूलकोट। नशे के काले कारोबार में संलिप्त तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। शहर की चर्चित डेहा कॉलोनी में नशे की कमाई से खड़े किए गए अवैध निर्माणों और मकानों को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने बुधवार को नोटिस चस्पा किए। इसके साथ ही अंबाला शहर थाना पुलिस ने नगर निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है। ------------ डेहा कॉलोनी में मचा हड़कंप अंबाला शहर थाना प्रबंधक द्वारा नगर निगम को भेजे गए पत्राचार में कॉलोनी के प्रमुख तस्करों के आपराधिक रिकॉर्ड का पूरा ब्योरा सौंपा गया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, विजय, रेखा, नीता, बंटी, छोटी गोगी उर्फ ऊषा, विक्की उर्फ गट्टू, रेणु, मंजी उर्फ मोटी मंजू और अंजली जैसे कई आदतन अपराधी डेहा कॉलोनी में रहकर लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। इन सभी आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी बंटी के पास से तो पूर्व में करीब 10,800 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल भी बरामद किए जा चुके हैं। ------------ नगर निगम चलाएगा बुलडोजर पुलिस ने अपनी सिफारिश में स्पष्ट लिखा है कि इन तस्करों ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से कॉलोनी में बिना इजाजत अवैध मकान और निर्माण खड़े किए हैं। समाज में नशे के सौदागरों के प्रति कड़ा संदेश देने और अपराध पर लगाम लगाने के उद्देश्य से निगम प्रशासन से इन अवैध संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार बुलडोजर चलाने व ध्वस्तीकरण की मांग की गई है। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।