गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल के साथी कैथल के तितरम गांव निवासी लखविंद्र उर्फ लाखा को अंबाला एटीएफ की मदद से काबू कर लिया गया है। लखविंद्र पर अंबाला के मौजूदा जिप अध्यक्ष मक्खन सिंह लबाना के घर पर 2023 में गोलियां चलाने व जबरन वसूली का मामला दर्ज था। इसके अलावा यमुनानगर, गोहाना, रोहतक, कैथल में इसी तरह के पांच मामले दर्ज है। आरोपी को अमेरिका में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद 25 अक्टूबर को उसे अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर ही अंबाला एसटीएफ ने आरोपी को काबू कर लिया। रविवार को एसटीएफ ने अंबाला में जेएमआईसी अक्षय अरोड़ा की कोर्ट नंबर 22 में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपी 2022 को डंकी रूट के जरिये पुर्तगाल से यूएसए गया था। तभी से वह अनमोल लॉरेंस संग रहकर अपराध की दुनिया में सक्रिय था। 27 अप्रैल 2023 को अंबाला में हुए गोलीकांड मामले में ही एसटीएफ अंबाला ने विदेश में बैठे लखविंद्र का नाम सामने आने के बाद पकड़ने की प्रक्रिया शुरू करवाई थी। लखविंद्र का आपराधिक रिकॉर्ड देखते हुए 26 अक्टूबर 2024 को इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था। अमेरिका में एफबीआई ने इसी आधार पर लखविंद्र उर्फ लाखा को छह माह पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। तभी से लखविंद्र को भारत लाने की कागजी प्रक्रिया चल रही थी।