कैंटोनमेंट बोर्ड ने बुधवार को तोपखाना परेड की 21.86 एकड़ जमीन पर कब्जा ले लिया। यह कार्रवाई पुलिस की मौजूदगी में की गई। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने जमकर कार्रवाई का विरोध भी किया और उन्होंने बोर्ड अधिकारियों से 10 दिन की मोहल्लत भी मांगी, लेकिन पुख्ता दस्तावेज न होने के कारण उन्हें मौके पर मौजूद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तरफ से राहत प्रदान नहीं की गई। इससे पहले भी बोर्ड ने 24 जुलाई को कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन पीड़ित पक्ष द्वारा हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले को लेकर मोहल्लत ली गई थी। इसके कुछ दिनों बाद हाईकोर्ट ने भी इस मामले को खारिज कर दिया था। इसके बाद कैंटोनमेंट बोर्ड ने जमीन पर तारबंदी को लेकर अंबाला के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा था।