पक्की सराय के नाले में सोमवार शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीर द्वारा शव देखकर शोर मचाने के बाद स्थानीय लोग व पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान करनाल के नीलोखेड़ी स्थित रायपुर रोरन गांव निवासी संजीत के रूप में हुई है। हालांकि शव गली-सड़ी अवस्था में होने के कारण चेहरे से पहचान नहीं हो रही थी। पुलिस ने शव को नाले से निकलवाने के बाद अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के परिजनों को बुलाया गया है। शिनाख्त करने के बाद फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर द्वारा पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा।