लिपिक के निलंबन के बाद अन्य कर्मचारियों को नोटिस देने से नाराज बिजली कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है, यूनियन पदाधिकारियों का कहना कि अब वो दो नहीं तीन घंटे के लिए प्रदर्शन करेंगे। अंबाला कैंट यूनिट के अंतर्गत सभी सब यूनिटों में लिपिक के निलंबन के विरोध में 13 वें दिन भी दो घंटे का रोष प्रदर्शन जारी रहा। सब डिविजन नंबर 2 में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनिट प्रधान सतबीर देसवाल ने कहा कि धरने प्रदर्शन को दूसरा हफ्ता लगभग खत्म हो गया है, लेकिन गुरविंदर लिपिक को बहाल नहीं किया गया है, जबकि 4/5 अन्य कर्मचारियों शोकास नोटिस और चार्जशीट कर दिया गया है। अधिकारियों को कोई भी कार्रवाई करने से पहले यूनिट प्रतिनिधियों को बुलाकर बातचीत करनी चाहिए। अगर ऐसे ही कार्रवाई चलती रही तो आंदोलन नहीं दबेगा, अपितु तेज जरूर होगा। इसी कड़ी में आज ही यूनिट की बैठक बुलाकर आंदोलन की आगामी रूपरेखा बनाई जाएगी। इसके तहत अधिकारी को नोटिस देकर सब डिविजन नंबर 2 में सोमवार से 3 घंटे, सुबह 9 बजे से 12 बजे तक और अंबाला कैंट यूनिट के अधीन बाकी सब डिविजन में 2 घंटे, सुबह 9 से 11 बजे तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।