अंबाला। नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर मंगलवार को निकाय और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने रोष जताया। प्रधान सेवाराम बोहत के नेतृत्व में सैंकड़ों कर्मचारियों ने नगर परिषद अंबाला सदर के गेट पर दो घंटे तक तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्य बाजारों से निकाय मंत्री विपुल गोयल की शव यात्रा निकाली गई और पुतला फूंका गया। प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुतला दहन के वक्त संघ प्रधान सेवाराम बोहत अचानक आग की चपेट में आ गए। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया। इससे प्रधान बाल-बाल बच गए। नेताओं ने आरोप लगाया कि 13 मई को सरकार के साथ 17 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी थी। इसमें कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना शामिल था, लेकिन सरकार अपने वादे से मुकर रही है। हड़ताल के 13वें दिन भी जारी रहने से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।