डोर टू डोर कूड़ा उठान वाले अस्थाई कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने सोमवार अंबाला छावनी नगर परिषद कार्यालय के गेट पर नारेबाजी कर रोष जताया। काम छोड़कर कर्मचारियों ने पहले तो अंबाला छावनी के मुख्य बाजारों से रोष निकाला और नगर परिषद अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में परिषद के गेट पर एकत्रित होकर रोष जताया। कर्मचारियों का कहना था कि पिछले तीन माह से वह वेतन के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। होली के त्योहार पर भी उन्हें वेतन नहीं मिला था और अब बच्चों के दाखिले के समय भी वेतन नहीं मिला है। ऐसे में परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। साथ ही कर्मचारियों ने चेताया है कि 1 अप्रैल तक उन्हें वेतन नहीं मिला तो वह डोर टू डोर कूड़े का उठान नहीं करेंगे।