हरियाणा के अंबाला के सुभाष पार्क की चार एकड़ में बनी झील में सैकड़ों मछलियों की अचानक मौत हो गई। पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने इसकी जांच के निर्देश देकर मामला दर्ज करने की बात कही। छावनी नगर परिषद के अधिकारियों ने पार्क में पहुंचकर जांच की। पार्क पहुंचे नप सचिव ने मछलियों के मरने की जानकारी नप के कार्यकारी अधिकारी को दी और मत्स्य विभाग की मदद मांगी। इसके बाद मत्स्य विभाग की टीम भी विशेषज्ञों के साथ सुभाष पार्क पहुंच गई और मृत मछलियां सहित पानी के सैंपल लेने में जुट गई। मामले की तह तक पहुंचने के लिए मत्स्य पालन विभाग के विशेषज्ञों ने सैंपल लेने के बाद जब जांच की तो पता लगा कि झील के पानी का तापमान अधिक है और यही कारण है कि झील की मछलियां ने दम तोड़ दिया। जांच में यह भी सामने आया कि इस पानी में कोई भी संदिग्ध और नशीली वस्तु का मिश्रण नहीं है।