नगर निगम के चुनावी माहौल के बीच कलाल माजरी में रविवार दोपहर को गली में खड़े युवक-युवती को टोकने पर व्यक्ति की ईंटे मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कलाल माजरी निवासी रामनाथ (55) के रूप में हुई। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि कुछ युवक आकर पहले तो व्यक्ति के साथ झगड़ा करते हैं। विरोध में व्यक्ति भी हाथ में हथौड़ी लेकर अपना बचाव करता दिख रहा है। तभी युवक तैश में आकर व्यक्ति के सिर पर ईंट मार देते हैं। देखते ही देखते व्यक्ति की बेसुध होकर गिरने के बाद मौत हो गई। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों पर हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।