गोरखपुर में रविवार को बीएड प्रवेश परीक्षा और सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा खत्म होने के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ केंद्रों से निकलने पर गोलघर, यूनिवर्सिटी रोड, मोहद्दीपुर समेत कई इलाकों में भीषण जाम लग गया। दरअसल, शहर के विभिन्न केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा और सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। दोपहर बाद दोनों परीक्षाएं खत्म होते ही हजारों अभ्यर्थी एक साथ सड़कों पर आ गए। ऑटो, बस, ई-रिक्शा और निजी वाहनों की भीड़ से मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। गोरखपुर विश्वविद्यालय रोड, गोलघर, कचहरी चौराहा, मोहद्दीपुर, छात्रसंघ चौराहा और रेलवे स्टेशन रोड पर सबसे ज्यादा जाम देखने को मिला। अभ्यर्थियों के साथ आम यात्री भी घंटों जाम में फंसे रहे। कई जगह ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।