गोरखपुर में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के स्वागत में शहर का माहौल उत्सव में तब्दील हो गया। पहले दिन से लेकर दूसरे दिन तक सड़कों पर उनक स्वागत अभिनंदन के लिए लोगों का हुजूम देखने को मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार सुबह 10:30 बजे भटहट ब्लॉक के पिपरी में बने प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण और दोपहर बाद तीन बजे महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय बालापार में शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगी। इसके लिए तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। महामहिम के स्वागत के लिए मोहद्दीपुर में स्कूली बच्चे इंतजार कर रहे हैं। रास्तों पर तोरणद्वार, पुष्प सज्जा और पारंपरिक झांकियां एक भव्य दृश्य प्रस्तुत कर रही हैं। स्वागत में गीजापुर के आए कलाकारों का नृत्य, सोनभद्र से आए कलाकारों का बारहसिंगा नृत्य, धोबिया लोकनृत्य, जिसे देखकर माहौल पूरी तरह से सांस्कृतिक उल्लास में डूबा रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकार ढोल, मंजीरे और बांसुरी की थाप पर थिरकते हुए राष्ट्रपति का अभिवादन के लिए खड़े रहे।