बच्चों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर, पक्कीबाग में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से सीधा संवाद कर उन्हें साइबर अपराध, नशे के खिलाफ और यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी। एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को बताया कि आपात स्थिति में 112 नंबर पर कैसे कॉल करें। साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही नशे से दूर रहने, गुड टच-बैड टच और सड़क सुरक्षा के नियमों पर भी चर्चा की गई। अमर उजाला फाउंडेशन का यह अभियान बच्चों और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने और पुलिस को दोस्त के रूप में स्थापित करने के लिए चलाया जाता है।