द्वारका जिला पुलिस ने गैंगस्टर सद्दाम गौरी गैंग के एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान विजय उर्फ हनी उर्फ शिवा के रूप में हुई है। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाश पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि सड़क पर होने वाले अपराध पर रोकथाम के लिए जिला के स्पेशल स्टाफ को बदमाशों की धर पकड़ के निर्देश दिए गए थे। इसके मद्देनजर पुलिस मुखबिरों की मदद से उन बदमाशों की पहचान करने में जुट गई, जो हथियार लेकर वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस को विजय के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उसपर निगरानी बढ़ाई और बुधवार को बदमाश के शिव विहार इलाके में घूमने की जानकारी मिली। जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल और कारतूस मिला। छानबीन में पता चला कि विजय उत्तम नगर थाने का घोषित बदमाश है और उसपर करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाश से पूछताछ कर उसके आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह सद्दाम गौरी गैंग से जुड़ा हुआ है।