करोल बाग स्थित एक मोबाइल फोन की थोक दुकान से करीब 90 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी हो गई। पुलिस ने वारदात के महज कुछ घंटों में ही मामले को सुलझाने का दावा किया। पुलिस ने चोरी के मास्टर माइंड दुकान के एक कर्मचारी विजय विहार निवासी रवि समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पहचान मंगोलपुरी निवासी अंश, मनीष और दिपांशु के रूप में हुई है। भारी रकम देखकर लालच आने की वजह से रवि ने दुकान की नकली चाबी बनवाकर दोस्तों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मंगोलपुरी से 84 लाख रुपये बरामद कर लिए, जिसे बदमाशों ने अपने एक रिस्तेदार के घर में बिस्तर में छिपाकर रखा था।