न्यूरो और दिल संबंधी बीमारियों से जूझने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली सरकार के जीबी पंत अस्पताल में मरीजों के लिए न्यूरो इंटरवेंशन कैथ लैब, न्यूरो सर्जिकल आईसीयू और 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन की सुविधा की शुरुआत हुई। सोमवार को दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने चिकित्सीय सुविधाओं का उद्घाटन किया। न्यूरो इंटरवेंशन कैथ लैब एक अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा है। इसमें मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की बीमारियों के लिए न्यूनतम इनवेसिव (कम चीर-फाड़) के उपचार की सुविधा मिलती है। लैब में स्ट्रोक, एन्यूरिज्म, और ट्यूमर जैसी गंभीर स्थितियों के इलाज के लिए हाई-रिजॉल्यूशन इमेजिंग का इस्तेमाल किया जाता है।