नई दिल्ली। देश में तेजी से बढ़ रही बुजुर्ग आबादी के साथ मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं भी बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। इसी को देखते हुए मानव व्यवहार एवं संबद्ध संस्थान में जेरियाट्रिक मेंटल हेल्थ में डीएम (सुपर स्पेशियलिटी) कोर्स शुरू किया गया है। यह कोर्स बुजुर्गों में होने वाली मानसिक बीमारियों जैसे डिमेंशिया, अल्जाइमर और अवसाद के बेहतर इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करेगा। संस्थान के अनुसार, यह देश का तीसरा केंद्र है जहां इस तरह का कोर्स शुरू हुआ है। अब तक इस क्षेत्र में विशेषज्ञों की कमी के कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पाता था। वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि इस कोर्स के शुरू होने से प्रशिक्षित सुपर स्पेशलिस्ट तैयार होंगे, जो बुजुर्गों की जटिल मानसिक बीमारियों के इलाज में अहम भूमिका निभाएंगे और मरीजों को बेहतर व समय पर उपचार मिल सकेगा।