इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में गुरुवार को भारतीय नृत्य इतिहास के महान अध्येता और नृत्यविद् प्रो. मोहन खोखर की जन्मशताब्दी पर भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर देश-विदेश के अनेक नृत्यगुरु, विद्वान और ख्यातिप्राप्त कलाकार एकत्र हुए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए पद्म विभूषण डॉ. सोनल मानसिंह और प्रख्यात विद्वान डॉ. कर्ण सिंह की उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा दी। कार्यक्रम की शुरुआत 25 कलाकारों की नृत्य-नाटिका से हुई, जिसमें पं. हरीश गंगानी और यामिनी कृष्णमूर्ति के शिष्यों सहित अनेक आचार्यों ने प्रस्तुति दी। वहीं इस दौरान मिस्टर डांस ऑफ इंडिया नामक विशेष फिल्म का भी प्रदर्शन हुआ। इस अवसर पर नृत्य पत्रिका अटेंडांस के रजत जयंती विशेषांक इंडियन डांस इन फ्रांस का लोकार्पण भी किया गया। समारोह में शोवना नारायण, माधवी मुद्गल, रंजना गौहर सहित अनेक प्रसिद्ध नृत्यांगनाओं की उपस्थिति रही। अंत में 100 नर्तकों की सामूहिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, ए टू जेड ऑफ इंडियन डांस प्रदर्शनी का उद्घाटन भी हुआ। बता दें कि प्रो. मोहन खोखर के संग्रह एमकेडीसी को विश्व का सबसे बड़ा डांस कलेक्शन माना जाता है। आईजीएनसीए इसे यूनेस्को हेरिटेज सूची में शामिल कराने के प्रयास कर रहा है। यह आयोजन भारतीय नृत्य विरासत को सहेजने और नई पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध हुआ।