दिल्ली की सड़कों पर बसों के हटने का असर दिखने लगा है। बीते तीन महीने में 790 बसों की कमी होने से यात्री लंबे वक्त तक बसों का इंतजार करते दिख जाते हैं। पीक आवर्स में तो इससे परेशानी होती ही है, दोपहर में बसों की फ्रीक्वेंसी कम होने से बस स्टॉप पर भारी भीड़ लगी रहती है। बस आने पर भी भरोसा सवार हो पाने का नहीं रहता। बस के अंदर घुसने में यात्रियों को जंग सी लड़नी पड़ती है। बृहस्पतिवार कुछ इसी तरह का नजारा दिल्ली के तालकटोरा मार्ग और करोल बाग के बस स्टैंड में देखने को मिला। बस स्टॉप पर भारी भीड़ के साथ यात्री बसों में घुसने की मशक्कत करते दिखे।