दिल्ली नगर निगम की उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने बृहस्पतिवार को आईएसबीटी आनंद विहार और कड़कड़डूमा स्थित सैनी एंक्लेव मार्केट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और कहा कि जनसुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। डॉ. मोनिका पंत ने निर्देश दिए कि आईएसबीटी परिसर और आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए ताकि यात्रियों की आवाजाही और यातायात सुचारू बना रहे। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की खराब स्थिति पर भी असंतोष व्यक्त किया और स्वच्छता मानकों में तत्काल सुधार के आदेश दिए।