कस्बा पिनगवां की गुर्जर वाली गली में एक नव निर्मित मकान से पानी की मोटर और लोहे के सरिए चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर की पूरी करतूत मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पीड़ितों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मकान मालिक को जब पानी की मोटर और लोहे के सरिए गायब मिले तो उन्होंने आसपास तलाश की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने चोर की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। अगले ही दिन लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी।