नूंह जिले में बनने वाले केंद्रीय विद्यालय को इंड़री खंड़ के किसी गांव में बनाने की मांग को लेकर रविवार को इंड़री गांव के राजकीय कन्या पाठशाला में एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें इंड़री खंड़ के अलावा मिंड़कोला, मढ़नाका समेत आसपास के 50 गांवों के प्रमुख लोगों ने इसमें भाग लिया। पंचायत की अध्यक्षता सेवानिवृत बैंककर्मी आशाराम शर्मा मैलावास ने की और संचालन योगेश शर्मा हिलालपुर ने किया। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि इंड़री खंड़ पूर्व की सरकारों में विकास के हर पक्ष में पिछड़ा रहा है। ऐसा लगता है कि सरकारें व यहां का प्रशासन इंड़री को मेवात जिले की बजाए किसी अन्य जिले का हिस्सा मानता है। जिले के विकास की जो भी योजनाएं बनती है, उनमें इंड़री के हिस्से कुछ नहीं आता। हमेशा ही यह क्षेत्र सरकारों की अनदेखी व उदासीनता का दंश झेलता रहा है।