जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की चेयरपर्सन शशी चौहान ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नूंह की ओर से लोगों को निशुल्क, सुलभ न्याय दिलाने के साथ-साथ सरकार की विभिन्न विभागों के संबंधित योजनाओं व कार्यक्रमों का लाभ दिलाना भी सुनिश्चित किया जाता है। प्राधिकरण का प्रयास है कि प्रत्येक लाभपात्र तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और इसके लिए प्राधिकरण की जनजागरुकता गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाती हैं। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह-1 में आयोजित इस मेगा जागरुकता एवं सेवा कैंप में वीरवार को 40 से अधिक विभिन्न सरकारी विभागों व सामाजिक संगठनों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें बड़े स्तर पर लोगों को मदद का प्रयास किया गया। प्राधिकरण की चेयरपर्सन शशी चौहान वीरवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह-1 में आयोजित मेगा जागरुकता एवं सेवा कैंप का शुभारंभ करने बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कैंप में सभी स्टॉल पर जाकर लोगों को दी रही सहायता की भी जानकारी ली और लाभपात्रों से बातचीत कर सरकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। प्राधिकरण का एक स्लोगन भी है- अब ये ना होगा कि ना समझे कोई दर्द तुम्हारा, अब न्यायालय खुद चलकर चौपालों पर आएगा। इस कैंप में सरकार के सभी विभाग मौजूद हैं, जहां एक साथ लोग कई विभागों की योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं और उनका लाभ भी ले सकते हैं। इस कैंप में आधार कार्ड बनवाने या अपडेट करवाने, परिवार पहचान पत्र बनवाने, कृषि, बागवानी, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य व आयुष विभाग सहित अन्य विभागों की अनेक योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इसके साथ ही रैडक्रॉस की ओर से सीपीआर तकनीक के बारे में सभी जानकारी दी जा रही है, जोकि बहुत ही महत्वपूर्ण है। प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नेहा गुप्ता ने कहा कि डालसा के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत में हर वर्ष बड़ी संख्या में केसों का निपटारा किया जाता है। इसके अलावा डालसा से सूचीबद्ध एडवोकेट के माध्यम से जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सस्ती व सुलभ न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया की निरंतर जानकारी दी जाती है। आज आयोजित इस कैंप का यही उद्देश्य है कि प्रत्येक लाभपात्र तक न्याय के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का भी लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज कैंप में एक हजार से अधिक लोगों ने विजिट किया तथा करीब 900 लोगों ने किसी न किसी योजना का लाभ उठाया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने लघु नाटिका से न्याय की सरल प्रक्रिया की जानकारी व सामाजिक बुराइयों से बचने का संदेश दिया।