ग्रेनो वेस्ट स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में सप्लाई के पानी में कीड़े होने की शिकायत निवासी की ओर से की गई। निवासी का आरोप है कि वह चाय बनाने के लिए रसोईघर से पानी ले रहा था। इसी दौरान पानी के अंदर कीड़ा आ गया, जिसकी शिकायत उन्होंने मेंटेनेंस कार्यालय में की और विरोध जताया। आरोप है कि गंदे पानी पीने से सोसाइटी में 10 से 12 लोग बीमार हैं। सोसाइटी में रहने वाले विकास ने बताया कि सप्लाई के पानी का इस्तेमाल खाना बनाने और जरूरी कार्यों के लिए किया जाता है। रविवार सुबह करीब सात बजे चाय बनाने के लिए रसोई में लगे नल से पानी लिया। उसी दौरान पानी के अंदर कीड़ा दिखाई दिया। जिससे वह घबरा गए। उन्होंने बताया कि गंदे पानी की शिकायत मेंटेनेंस से की। लोगों का आरोप है कि काफी समय से पानी की टंकियों की सफाई की मांग की जा रही है। इसके बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। मेंटेनेंस की लापरवाही के कारण सोसाइटी में 10 से 12 लोगों के बीमार होने की सूचना भी है। लोगों का आरोप है कि जब शिकायत की गई तो उन्हें ही कर्मचारियों की ओर से धमकाया गया।